
सिद्धार्थनगर, वरिष्ठ संवाददाता। जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर में इलाज के दौरान एक युवक की मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एक डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहाना थाना क्षेत्र के महथावल गांव निवासी रामकरन तिवारी पुत्र पल्लन तिवारी की ओर से दाखिल वाद पर यह कार्रवाई की गई है।
वादी के अनुसार, उनका पुत्र रंजय (18) तीन अक्तूबर 2024 को सुबह लगभग 11 बजे तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। वहां पर तैनात डॉ. महेंद्र यादव ने उसे इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इंजेक्शन के 10 मिनट के भीतर ही कई डोज इंजेक्शन दिए गए, जिससे युवक की हालत अचानक गंभीर हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई।
वादी ने आरोप लगाया कि उस समय उपस्थित इमरजेंसी प्रभारी डॉक्टर ने भी गंभीर उपेक्षा बरती। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना थाने पर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना कराने के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभव कटियार के न्यायालय में गुहार लगाई।
अदालत ने सुनवाई के बाद सिद्धार्थनगर थानाध्यक्ष को केस दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में सिद्धार्थनगर पुलिस ने 15 नवंबर की देर रात डॉ. महेंद्र यादव के खिलाफ धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसओ दुर्गा प्रसाद ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी
गई है।


















