

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)। टेंशन में चल रहे कार चालक ने आम के बाग में तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्म हत्या कर ली। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामें की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके सबूत जुटाए हैं। अधिकारियों ने भी घटना स्थल का दौरा कर जानकारी एकत्र की है। कार चालक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव मुख्तयारपुर नवादा का है। यहां का रहने वाला जीशान (आयु 26 वर्ष) पुत्र स्व. निजामुद्दीन कार चालक था, वह प्रतिदिन कांठ से दिल्ली के लिए अपनी कार चला कर गुजर बसर कर रहा था। उसका बड़ा भाई अजीम भी अपनी कार से बुकिंग करने का काम करता है। जीशान के माता-पिता की कई साल पहले मृत्यु हो गई थी। परिजनों के अनुसार जीशान टेंशन में चल रहा था। इसी के चलते उसने अपने गांव के ही नसीम के नहर किनारे स्थित बाग में जाकर खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्म हत्या कर ली, इससे पहले जीशान ने अपने बड़े भाई अजीम को फोन कर कहा था कि वह काफी परेशान चल रहा है, उसकी उससे अंतिम बार बात हो रही है। अजीम ने उसे लाख समझाने की कोशिश की, लेकिन जीशान ने फोन काट दिया। जब परिवार और गांव के लोग उसे ढूंढने निकले तो जीशान मृत और लहुलुहान हालत में नसीम के बाग में पड़ा मिला, उसके पास में ही तमंचा और उसका मोबाइल भी पड़ा था।

इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का मौका मुआयना कर उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। जिस पर कुछ देर में ही पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ शुभम पटेल सहित फॉरेंसिक टीम भी आ गई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम में मौके से सबूत जुटाए। थाना पुलिस ने मृतक जीशान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। जीशान की मौत से उसके परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है। कांठ पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के साथ ही कई बातें सामने आईं हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ








