

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)।
बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने गई टीम और अधिकारियों का ग्रामीण उपभोक्ताओं ने विरोध करते हुए हंगामा किया। काफी समझाने पर भी जब ग्रामीण उपभोक्ता नहीं माने तो बिजली विभाग की टीम उन्हें 10 अप्रैल तक का समय देते हुए वापस लौट गई। उपभोक्ताओं ने उनके यहां स्मार्ट मीटर नहीं लगाने की मांग की है।
इस समय बिजली विभाग के द्वारा उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कांठ नगर से सटे गांव महमूदपुर माफी में भी बिजली विभाग की टीम उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंचे थी। टीम यहां तीन चार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगा पाई थी कि ग्रामीण उपभोक्ताओं ने बिना उनकी अनुमति और सहमति के मीटर लगाने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि उपभोक्ताओं की मर्जी से ही स्मार्ट मीटर लगाए जा सकते हैं। मीटरों को लगाने का विरोध होने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के एक्सईएन देवेंद्र कुमार, एसडीओ कांठ सचिन रस्तोगी, अवर अभियंता अरविंद गुप्त सहित बिजिलेंस की टीम और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मीटर नहीं लगवाने की जिद पर अड़े रहे। बिजली अधिकारियों ने स्मार्ट मीटरों के संबंध एक लिखित आदेश भी दिखाया, जबकि उपभोक्ता मीटर नहीं लगाने के आदेश का हवाला दे रहे। काफी देर तक चली गहमा-गहमी के बाद ग्रामीणों ने बिना उनकी सहमति स्मार्ट न लगाने का आदेश दिखाने के लिए अधिकारियों से दस अप्रैल तक का समय मांगा। जिस पर टीम उन्हें दो दिन का समय देते हुए वापस लौट गई।
रिपोर्ट:- पंकज कुमार ✍️












