
कौशल व आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ पन्नाधाय सुरक्षा सम्मान जागृति सप्ताह का समापन’
’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत केक काटकर किया गया समापन समारोह’
पाली, 10 अप्रैल। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग पाली के तत्वावधान में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह का समापन शुक्रवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत में आयोजित किया गया। कार्यक्रम उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार सुपरवाइजर कविता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में कविता ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं अवसरों के प्रति जागरूक किया। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास ने बताया कि 6 से 11 अप्रैल तक जिले के विभिन्न बालिका विद्यालयों में जागरूकता सप्ताह आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य 19 अप्रैल को होने वाली अक्षय तृतीया (आखातीज) के अवसर पर बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति सामाजिक एवं मानसिक बदलाव लाना है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंडल अध्यक्ष कीर्ति तंवर ने मुख्यमंत्री द्वारा संचालित कालीबाई भील स्कूटी योजना, छात्रवृत्ति योजना एवं लाडो प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते हुए बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
विधिक सलाहकार भाग्यश्री गहलोत ने बालिकाओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के विभिन्न तरीकों का प्रशिक्षण दिया तथा विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर योगेंद्र सिंह राठौड़ एवं परामर्शदाता रेणुका जोशी ने बालिकाओं को सतर्कता, अजनबियों से दूरी, आपातकालीन सहायता प्राप्त करने के उपाय तथा अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही व्यावहारिक आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा दीपिका शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष पूर्णिमा सोनी एवं हेमलता ने बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा हेल्पलाइन नंबर 1930, 1098, 112 एवं 181 के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्यामा चारण ने राजकोप सिटीजन ऐप एवं आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 460 बालिकाओं सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
अंत में सुधा सीरवी ने बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को आत्मविश्वासी, जागरूक एवं सशक्त बनने का संदेश दिया गया।








