
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा: जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यवसायी को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी दुकान को अगले आदेश तक सील कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एसडीएम को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडर को अवैध रूप से 2700 रुपये में बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने महज 10 मिनट के भीतर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
जांच के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद तत्काल दुकान को बंद करवा दिया गया। बताया गया कि संबंधित व्यवसायी मेन रोड स्थित विजय कश्यप के मकान में किराए पर किचन पार्ट्स एवं गैस चूल्हे की दुकान चलाता था और पीछे बने बेसमेंट में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा था।
एसडीएम ने मौके पर मकान मालिक और आरोपी से पूछताछ कर उनका लिखित पक्ष मांगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस पूरे अवैध नेटवर्क की जांच की जाएगी और इसमें शामिल अन्य लोगों एवं एजेंसियों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि घनी आबादी में इस तरह गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण बेहद खतरनाक है और इसके लिए मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।







