




पाली, 02 मई। राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले में ‘‘ग्राम रथ अभियान’’ प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान में कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण आमजन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है।
अभियान के तहत शनिवार को पाली जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत चयनित ग्रामों में ग्राम रथों द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों एवं उनसे प्राप्त होने वाले लाभों की जानकारी प्रदान की गई, जिससे आमजन में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
इसमें पाली, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन एवं सोजत विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न ग्रामों में एलईडी वैन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रदर्शन किया गया। स्थानीय कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
रविवार को भी अभियान जारी रहेगा, जिसके तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे ग्राम रथ अभियान के माध्यम से प्रदर्शित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिकाधिक लाभ उठाएं।







