ग्राम पंचायत श्यामकाट में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
ग्राम श्यामकाट में जिला अधिकारी की ग्राम चौपाल, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं
महराजगंज के नौतनवा विकासखंड अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज योजना में चयनित ग्राम पंचायत श्यामकाट में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने बताया कि नेपाल सीमा से लगे गांवों को केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल किया गया है, जिससे सीमावर्ती गांवों के विकास को नई गति मिलेगी और पलायन पर रोक लगेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित शिकायतों और विकास कार्यों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा मनरेगा समेत सभी कार्यों में पारदर्शिता बरती जाए।
चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत उपभोक्ताओं को ₹1.08 लाख तक अनुदान दिया जाता है, जिससे बिजली बिल में राहत मिलने के साथ अतिरिक्त बिजली बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
ग्राम पंचायत श्यामकाट की प्रमुख उपलब्धियां:
73 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, 247 किसानों को किसान सम्मान निधि, 288 पात्र गृहस्थी कार्ड, 25 अंत्योदय कार्ड, 108 वृद्धावस्था पेंशन, 11 निराश्रित महिला पेंशन, 03 दिव्यांग पेंशन-
चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही 52 मरीजों को चिकित्सीय परामर्श व दवा वितरण किया गया, 11 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 13 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री, 130 पशुओं को दवा वितरण, 72 पशुओं का टीकाकरण किया गया
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।