
सिद्धार्थनगर। नगर स्थित एक मैरिज हॉल में शनिवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब नशे में धुत दूल्हे को लेकर वर और वधू पक्ष के लोगों में विवाद बढ़ गया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि शादी बिना संपन्न हुए ही बारात को बैरंग लौटना पड़ा।
शनिवार रात मैरिज हॉल में बरात पहुंची थी। दोनों पक्षों के स्वजन और रिश्तेदार नाश्ता-पानी में व्यस्त थे। इसी दौरान किसी बात पर पहले हल्की नोकझोंक शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तकरार में बदल गई।
बताया जाता है कि दूल्हा नशे की हालत में मंच पर चढ़ गया, जिससे नाराज होकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। अंततः बरात बिना विवाह हुए लौट गई।
प्रभारी निरीक्षक सदर दुर्गा प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची थी। शादी नहीं हो सकी, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं
कराई है।
















