
धमतरी /नगरी पारिवारिक जमीन विवाद में प्राणघातक हमला: पति-पत्नी गिरफ्तार, सिहावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीन विवाद के चलते हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। सिहावा पुलिस की सघन जांच, गवाहों के बयान और लगातार प्रयासों के बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी प्रार्थी मुकेश कुमार साहू ने 9 अप्रैल 2026 को थाना सिहावा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 13 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसमें आरोपी कृष्ण कुमार साहू और उनकी पत्नी बिन्दा बाई साहू ने उनके पुत्र ताम्रध्वज साहू पर हमला कर दिया।
बताया गया कि आरोपियों ने बांस के डंडे से सिर पर गंभीर वार किया, जिससे पीड़ित को गंभीर आंतरिक चोटें आईं। शुरुआत में सामाजिक कारणों से मामला दर्ज नहीं कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर रायपुर के वी.वाई. अस्पताल में इलाज कराया गया। वहां पीड़ित के दो बार ऑपरेशन (5 मार्च और 10 मार्च) किए गए, जिसके बाद उसे पैरालिसिस हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जांच के बाद आरोप सत्य पाए जाने पर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने लगातार दबिश और साक्ष्य जुटाकर फरार आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी कृष्ण कुमार साहू ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों—
कृष्णा उर्फ कृष्ण कुमार साहू (51 वर्ष) बिन्दा बाई साहू (48 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






