
लखीमपुर खीरी के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के महमदपुर (पोस्ट कैमहरा) गांव में जमीन और मकान के विवाद को लेकर गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने मिलकर एक व्यक्ति और उसके परिवार पर हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित के अनुसार, गांव में उसकी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच पुलिस, लेखपाल और कानूनगो की मिलीभगत से जबरन जमीन पर कब्जा कर लिया गया और वहां पिलर व दीवार खड़ी कर दी गई। जब पीड़ित व्यक्ति बाहर से काम कर घर लौटा और इसका विरोध किया, तो आरोप है कि सोबरन लाल और उनके बेटों—धर्मेंद्र, जितेंद्र व त्रिभुवन—ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान पीड़ित को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। जब उसकी पत्नी और छोटी-छोटी बच्चियों ने बचाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
घायल अवस्था में पीड़ित को थाना कोतवाली सदर ले जाया गया, लेकिन परिवार का आरोप है कि वहां भी उन्हें न्याय नहीं मिला। उल्टा पुलिस ने पीड़ित को ही धमकाते हुए थाने में बैठा लिया और चालान कर जेल भेज दिया।
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। अब सवाल यह उठता है कि क्या उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष कार्रवाई करेंगे या फिर पीड़ित परिवार यूं ही न्याय की आस में भटकता रहेगा।








