
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर वन स्टॉप सेंटर शेरघाटी का उद्घाटन किया गया।
गया, दिनांक 08 मार्च 2026
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शेरघाटी (गया) में महिला एवं बाल विकास निगम, गया तथा कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, गया द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त महोदय एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, गया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली गया जिले की 7 महिला मुखियाओं को उप विकास आयुक्त महोदय एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, गया द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में जनप्रतिनिधियों एवं समाज की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, शेरघाटी एवं किशोरी समूह, चंदौती की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया। साथ ही चार किशोरी समूह संगठनों की किशोरियों को बाल विवाह की रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा बाल विवाह की रोकथाम एवं महिला सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से समाज को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन महिला एवं बाल विकास निगम, गया तथा कवच परियोजना सेंटर डायरेक्ट के संयुक्त प्रयास से संपन्न कराया गया।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गया जी बिहार
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़





