
अशोका गोलांबर के पास दिनदहाड़े फायरिंग, ट्रक मालिक घायल — इलाके में दहशत।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
रांची। पिपरवार थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। अशोका गोलांबर के समीप अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। इस घटना में एक ट्रक मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
घायल की पहचान बेती गांव निवासी 30 वर्षीय बासुदेव गंझु के रूप में की गई है, जो गेंदरा गंझु के पुत्र बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे और उनकी संख्या करीब 5 से 6 बताई जा रही है। आते ही उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लगभग 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली बासुदेव गंझु को लग गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को तुरंत बचरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस और सीआईएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
फायरिंग की इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, घटना के बाद सभी आरोपी पास के जंगल की ओर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है।














