
न उमर की सीमा हो, न जनम का हो बंधन… जब प्यार करे कोई, तो देखे केवल मन…. 1981 में आई फिल्म ‘प्रेम गीत’ का ये गाना तो आपने सुना ही होगा. कहते हैं कि प्यार करने की न कोई उम्र होती है और न ही कोई सीमा… प्यार कभी भी हो सकता है, लेकिन यही प्यार जब एक तरफा होता है तो आशिकी का भूत उतर भी जाता है. ऐसा ही एक मामला बिहार के जहानाबाद से आया है. जहां एक एक इंस्पेक्टर की काफी चर्चा हो रही है.
महिला अधिकारी को भेजा I Love You का मैसेज
दरअसल, जहानाबाद में पदस्थ इंस्पेक्टर दिनेश्वर कुमार को रिटायरमेंट के वक्त इश्क खुमार चढ़ गया है. उन्होंने अपनी उम्र और पद की गरिमा को ताक पर रखकर जहानाबाद में ही पदस्थ सीनियर डिप्टी कलेक्टर रैंक की एक महिला अधिकारी को अपने मोबाइल से प्यार का इजहार करते हुए ‘I Love You’ का मैसेज भेज दिया. अब होना क्या था… वहीं जो होता है. महिला अधिकारी ने इंस्पेक्टर के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया.
कुछ ही दिन में रिटायर होने वाले हैं इंस्पेक्टर
बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर दिनेश्वर कुछ ही दिन में रिटायर होने वाले हैं. अब रिटायरमेंट से पहले इश्क का बुखार चढ़ा तो मामला दर्ज हो गया. फिलहाल जहानाबाद एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले की विभागीय जांच कराई. एसपी ने जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी और इसमें डीएम की ओर से एक महिला सीनियर डिप्टी कलेक्टर कंचन कुमार झा को नामित किया गया था. जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में इंस्पेक्टर के खिलाफ लगाए गए आरोप को सही पाया.
महिला अधिकारी की शिकायत पर FIR दर्ज
इसी मामले में जांच कमेटी ने इंस्पेक्टर साहब से पूछताछ के लिए बुलाया तो वह हाजिर भी नहीं हुए. जिसके बाद सीनियर डिप्टी कलेक्टर ने साइबर थाने में आवेदन देकर आरोपी इंस्पेक्टर दिनेश्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया. रिपोर्ट और महिला अधिकारी के आवेदन पर आरोपी के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि आरोपी इंस्पेक्टर को अपनी बात रखने का मौका दिया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हो सके और मेडिकल रिपोर्ट लगाकर छुट्टी पर चले गए. फिलहाल FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

