
सिद्धार्थनगर में ईद और नवरात्रि के त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रविवार शाम को ईद का चांद दिखने के बाद सोमवार को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। रमजान के 29वें दिन चांद का दीदार होने के बाद मुस्लिम समुदाय में खुशी का माहौल है। सोमवार सुबह लोग नए कपड़ों में ईदगाह और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा करेंगे।

रविवार को बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी।कपड़े, रेडीमेड गारमेंट्स, कॉस्मेटिक, जूते-चप्पल और सेवईं की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। ईद की तैयारियों के बीच मुस्लिम समुदाय फितरा भी निकाल रहा है। प्रत्येक मुस्लिम को लगभग तीन किलो अनाज या उसकी कीमत गरीबों में बांटनी होती है। मस्जिदों के इमामों ने फितरा की महत्ता और इसे जरूरतमंदों तक पहुंचाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन ने त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अधिकारी बाजारों और ईदगाहों के पास पैदल गश्त कर रहे हैं। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर, पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक महाजन और मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार ने जनपदवासियों को दोनों त्योहारों की शुभकामनाएं दी हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि और ईद के त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी नई परंपरा नहीं अपनाई जाए। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि सिद्धार्थनगर एक शांतिप्रिय जनपद है।













