
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड शासन के अल्पसंख्यक कल्याण अनुभाग ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के वक्फ अधिकरण (Waqf Tribunals) में रिक्त पदों को भरने के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। इस संबंध में शासन द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिससे वक्फ मामलों के त्वरित निस्तारण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गढ़वाल मंडल (देहरादून):
नदीम जैदी (पुत्र मेहताब अली जैदी) को वक्फ अधिकरण, गढ़वाल मंडल में ‘द्वितीय सदस्य’ के रूप में नामित किया गया है।
कुमाऊं मंडल (हल्द्वानी):
तमन्ना हनीफ (पुत्री स्वर्गीय मोहम्मद हनीफ) को वक्फ अधिकरण, कुमाऊं मंडल, जनपद नैनीताल में ‘द्वितीय सदस्य’ के पद पर नियुक्त किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, दोनों सदस्यों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से 3 वर्ष तक रहेगा। हालांकि, यदि इस दौरान ‘वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025’ के तहत नए नियम लागू हो जाते हैं, तो इनका कार्यकाल स्वतः समाप्त हो जाएगा।
नवनियुक्त सदस्य नदीम जैदी ने अपनी नियुक्ति पर उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों से जुड़े मामलों के निष्पक्ष और शीघ्र समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने इन नियुक्तियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे वक्फ ट्रिब्यूनलों की कार्यक्षमता में सुधार होगा और लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अल्पसंख्यकों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए लगातार प्रयासरत है।





