
ऋषि बामदेव की धरती से गूंजा समरसता का संदेश
समाजसेवी प्रवीण सिंह के संयोजन में लाखों भक्तों ने सुनी हनुमंत कथा
बांदा | गिरजा शंकर अवस्थी
ऋषि बामदेव की पावन धरती बांदा जनपद के मवई बाईपास चौराहे पर सोमवार को बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज के श्रीमुख से श्री हनुमंत कथा का अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ। 100 बीघे से अधिक क्षेत्रफल में फैले विशाल कथा स्थल पर पहले ही दिन श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा क्षेत्र भक्ति के महाकुंभ में परिवर्तित नजर आया।
कथा के समापन अवसर पर सामाजिक समरसता की एक अनुपम झलक देखने को मिली, जब वाल्मीकि समाज के बंधुओं ने पूज्य महाराज जी की आरती कर समाज में एकता, सद्भाव और समरसता का सशक्त संदेश दिया। इस भावपूर्ण क्षण ने उपस्थित लाखों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्री राम जी, उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री श्री रामकेश निषाद जी, विभाग प्रचारक श्री ऋतुराज जी, विभाग कार्यवाह श्री संजय सिंह जी, जिला प्रचारक श्री अनुराग जी, जिला संघचालक श्री सुरेन्द्र पाठक जी, नगर प्रचारक श्री ओम जी, पूर्व सांसद श्री भैरों प्रसाद मिश्रा, पूर्व चेयरमैन श्री राजकुमार राज जी, पूर्व चेयरमैन श्री विनोद जैन, जिला शासकीय अधिवक्ता श्री रामसुफल सिंह जी सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन का संयोजन समाजसेवी प्रवीण सिंह के मार्गदर्शन एवं आत्मीय सहयोग से किया गया, जिनके सूक्ष्म प्रबंधन और सेवाभाव के कारण लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं। एक समर्पित सेवादार की भांति उन्होंने भक्तों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा।
कथा के शुभारंभ से पूर्व पूज्य महाराज जी ने मीडिया से संवाद कर आयोजन के उद्देश्यों को साझा किया। व्यासपीठ से उन्होंने उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए विशेष रूप से युवाओं का आह्वान किया कि वे व्यसन, नशा और कुरीतियों का त्याग कर धर्म, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर अग्रसर हों।
मवई बाईपास पर उमड़ा यह विशाल जनसमूह और समाजसेवी प्रवीण सिंह के सेवाभावी प्रयास इस बात के सशक्त प्रमाण हैं कि जनमानस में सनातन संस्कृति के प्रति आस्था और विश्वास निरंतर और अधिक प्रगाढ़ होता जा रहा है।











