A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशमुरादाबाद

कांठ में तेंदुए ने एक और मासूम बच्चे पर किया हमला, बच्चा गंभीर घायल

20 दिन में तीन बच्चों समेत चार पर हमला कर चुके हैं तेंदुए, लोगों में व्याप्त है तेंदुओं की दहशत

कांठ के गांव दरियापुर में तेंदुए के हमले से घायल बच्चा हर्ष।
कांठ (मुरादाबाद, यूपी)।
कांठ तहसील क्षेत्र में तेंदुओं का जबरदस्त आतंक अब लोगों के लिए दिन पर दिन मुसीबत बनता ही जा रहा है। अब फिर तेंदुए ने एक तीन साल के मासूम बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है । बच्चे को उपचार के लिए गंभीर घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 20 ​दिन में तेंदुए द्वारा यह चौथा हमला करने से लोगों में तेंदुओं की दहशत व्याप्त है।

अपनी मां की गोद में तेंदुए के हमले से घायल मासूम हर्ष।

मामला कांठ थाना एवं तहसील क्षेत्र के गांव दरियापुर का है। यहां शनिवार की शाम गन्ने के खेत पर काम कर रहे दंपती के तीन साल के मासूम हर्ष पर तेंदुए ने झपट्टा मारकर उसे गंभीर घायल कर दिया। बच्चे हर्ष के पिता सुनील कुमार और माता विमलेश दरांत लेकर तेंदुए को खदेड़ा तो वह बच्चे को छोड़कर भाग गया। इधर तेंदुए के हमले से गंभीर घायल हुए हर्ष को उपचार के लिए लेकर परिवार के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लाए, जहां उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां से भी चिकित्सकों ने बच्चे को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है। बता दें कि गांव दरियापुर में तेंदुए ने उस समय मासूम हर्ष पर हमला किया, जब उसके माता-पिता खेत में काम कर रहे थे और वह यहां पास में ही खेल रहा था। तेंदुए द्वारा बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर घायल करने की सूचना पर कांठ थाना पुलिस और वन विभाग की टीम ने भी गांव दरियापुर पहुंचकर मौका मुआयना करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा है।


कांठ के गांव दरियापुर में तेंदुए के हमले के बाद मौके पर लगी भीड़।

बता दें कि कांठ तहसील में 20 दिन में तेंदुए द्वारा यह चौथी घटना को अंजाम दिया गया है। इससे पहले तेंदुए ने 23 मार्च को कांठ तहसील क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर विश्नोई निवासी किसान विरेंद्र सिंह पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इसके बाद 30 मार्च को कांठ के ही गांव महदूद कलमी में तेंदुए ने अकरम के घर में घुसकर उसकी दो साल की बेटी सिदरा को घायल कर दिया था। 31 मार्च को कांठ के गांव मिश्रीपुर में भी तेंदुए ने आठ साल की बच्ची दीपांशी पर हमला कर उसे घायल किया था। अब शनिवार की शाम गांव दरियापुर में तीन साल के हर्ष पर तेंदुए ने हमला कर दिया। जिससे क्षेत्र के लोगों में तेंदुओं की दहशत व्याप्त है।

 

रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ 

 

Back to top button
error: Content is protected !!