
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ 🌐
मंडला MP हेमंत नायक महाराजपुर
#नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन
केहरपुर, 17 जुलाई 2025–आज दिनांक 17 जुलाई 2025 को एकीकृत शासकीय हाईस्कूल, केहरपुर में छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करने और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत की सम्माननीय सदस्य श्रीमती सुमतिया भाँवरे ने की। इस अवसर पर पूर्व जनपद पंचायत सदस्य श्री मदन भाँवरे एवं ग्राम पंचायत केहरपुर के यशस्वी सरपंच श्री सतवन्त सिंह उलारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को शासन की योजना अंतर्गत नि:शुल्क साइकिल प्रदान की गई, जिससे अब उन्हें शिक्षा प्राप्त करने के लिए स्कूल आने में कोई कठिनाई नहीं होगी। साइकिल पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने लायक थी। कार्यक्रम में अभिभावकों, ग्रामवासियों और विद्यालय के शिक्षकों ने भी भाग लिया।
मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने एवं उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए यह एक सराहनीय कदम है।
विद्यालय परिवार ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोग से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे आगे चलकर समाज और देश के लिए कुछ कर दिखाने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं।







