

कैमूर जिले में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ मतदान — 67% से अधिक मतदाताओं ने किया लोकतंत्र के महापर्व में भाग
कैमूर/भभुआ।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण में आज दिनांक 11 नवम्बर 2025 को कैमूर (भभुआ) जिले में मतदान का कार्य शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों — रामगढ़, मोहनिया (अ.जा.), भभुआ और चैनपुर — में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जिला प्रशासन के अनुसार अपराह्न 5:45 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक,
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 66.30%,
मोहनिया (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में 68.24%,
भभुआ विधानसभा क्षेत्र में 66.92%,
चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में 67.41% मतदान दर्ज किया गया।
हालांकि, कई मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया अभी भी जारी रही, जिससे अंतिम प्रतिशत में और वृद्धि की संभावना बनी हुई है।
पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में जिले का औसत मतदान प्रतिशत 62.76 था, जबकि लोकसभा आम निर्वाचन 2024 में यह 59.65% रहा था। इस बार अधिक मतदान दर्ज होना लोकतंत्र के प्रति जनता की बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।
कैमूर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11,71,322 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 6,21,024 पुरुष, 5,50,291 महिलाएँ एवं 07 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं की संख्या 8,262 रही।
जिले में कुल 1,484 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए, जिनमें 116 शहरी एवं 1,368 ग्रामीण क्षेत्र में स्थित थे।
इस बार कुल 48 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे — जिनमें 44 पुरुष एवं 4 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी हेतु 4 सामान्य प्रेक्षक, 1 व्यय प्रेक्षक, 1 पुलिस प्रेक्षक एवं 55 माइक्रो प्रेक्षक तैनात किए गए थे।
जिले में 8 मॉडल मतदान केन्द्र, 8 पूर्णरूपेण महिलाओं द्वारा संचालित केन्द्र, एवं 4 PWD मतदान कर्मियों द्वारा संचालित केन्द्र बनाए गए थे। साथ ही सभी 1,484 मतदान केन्द्रों से लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी सुनिश्चित हुई।
जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार मतदान समाप्ति तक कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जो सभी ईवीएम से संबंधित थीं। सभी शिकायतों का त्वरित निपटारा कर दिया गया। इसके अलावा अन्य माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भी त्वरित कार्रवाई की गई।
जिले में कहीं भी मतदान बहिष्कार की सूचना नहीं मिली। सभी मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न हुआ। मतदान के समाप्ति पर सभी निर्वाचन अभिकर्ताओं को फॉर्म 17C (मतदान की प्रति) उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, किसी भी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है, और जहां मतदान जारी है वहां भी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
कुल मिलाकर कैमूर जिले में द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिससे जिले की जनता ने एक बार फिर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था और जिम्मेदारी का परिचय दिया है।






