
एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिल रही गति
महेश्वर विकासखंड में 6 सत्रों में 302 बालिकाओं का टीकाकरण
सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु आवश्यक पहल
खरगोन 28 मार्च 2026। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशन में महेश्वर विकासखंड में एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत लगातार प्रभावी रूप से टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 28 मार्च 2026 को आयोजित 6 टीकाकरण सत्रों में विकासखंड की कुल 302 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। यह टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोग से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक एवं प्रभावी उपाय है।
मंडलेश्वर एसडीएम सुश्री पूर्वा मंडलोई ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए तहसील स्तर पर समस्त विभागों के समन्वय से निरंतर कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे टीकाकरण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो रहा है। प्रशासन ने अभिभावकों एवं समाज से अपील की है कि इस जनहितकारी अभियान में सहयोग बनाए रखें और बालिकाओं को समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।








