
जिला शिक्षा अधिकारी का आकस्मिक निरीक्षण
कक्षा 9वीं–10वीं को पाठ्यपुस्तक वितरण व करियर मार्गदर्शन
कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं के निर्देश
खरगोन 04 अप्रैल 2026। जिला शिक्षा अधिकारी श्री शैलेन्द्र कानूडे द्वारा शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महेश्वर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण प्राचार्य श्री गुप्ता, श्री दीनानाथ यादव एवं समस्त स्टाफ की उपस्थिति में किया गया।
निरीक्षण के समय कक्षाओं का अवलोकन किया गया तथा विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस की जानकारी दी गई। कक्षा 9वीं व 10वीं के छात्रों को गणित, विज्ञान एवं अंग्रेज़ी के पुराने प्रश्न पत्र हल करने, अंग्रेज़ी ग्रामर की विस्तृत समझ विकसित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों की भाषा दक्षता बढ़ाने के लिए स्पोकन इंग्लिश कक्षाएं संचालित करने के लिए प्राचार्य को निर्देशित किया गया।
D एवं E ग्रेड के कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने, कक्षा 8वीं उत्तीर्ण कमजोर छात्रों के लिए ब्रिज कोर्स के अंतर्गत प्री-टेस्ट एवं रेमेडियल कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए। छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने कहा गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही शैक्षणिक प्लान बनाकर तैयारी करने, शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने तथा नियमित उपस्थिति बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। अच्छे परिणामों के लिए प्राचार्य एवं स्टाफ को बधाई देते हुए शेष अपूर्ण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त शाला त्यागी/प्रवेशी बच्चों को शीघ्र विद्यालय में प्रवेश देने तथा 14–15 आयु वर्ग की शेष बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश भी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रदान किए गए।

