
रांची: छात्र क्लब ग्रुप की ओर से रातू के जामुन टोली निवासी बी.एड. छात्रा स्वाति शर्मा को गणित एवं विज्ञान विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान रातू आम टांड़ के निकट आयोजित कार्यक्रम में अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब की संरक्षक कुमारी नीलम शर्मा ने की। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकिशोर शर्मा, संरक्षक कुमारी पिया बर्मन, विनीता कुमारी, विश्वकर्मा युवा सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक संतोष कुमार श्रेयांश तथा शिवा लिंगम मानव सेवा संस्थान के सचिव दीपक कुमार साहू मौजूद थे।
इस अवसर पर शिवकिशोर शर्मा ने कहा कि स्वाति शर्मा जूनियर कक्षा से ही गणित और विज्ञान विषय में लगातार बेहतर प्रदर्शन करती आ रही हैं। उन्हें इन विषयों से विशेष लगाव है और वे बच्चों को गणित-विज्ञान के सूत्रों (सरलीकरण) की जानकारी निःशुल्क प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि छात्र क्लब ग्रुप द्वारा स्वाति शर्मा को सम्मानित कर उनके हौसले को बढ़ाने का प्रयास किया गया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में कुलदीप शर्मा, ललित रंजन, निर्मला शर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे। अंत में मां सरस्वती, श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।







