

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)
सहकारी गन्ना विकास समिति कांठ में नई कार्यकारिणी के गठन को चल रही चुनावी प्रक्रिया के क्रम में प्रथण चरण के डेलीगेट चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में कराया गया। 107 डेलीगेट चुनने के लिए मतदाताओं ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ जमकर मतदान किया। मतगणना के बाद जीते और निर्विरोध निर्वाचित हुए सभी 239 डेलीगेट को जीत के प्रमाण-पत्र भी निर्वाचन अधिकारी के लिए दिए गए।

कांठ स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति के 36216 किसान सदस्य और मतदाता हैं। समिति की कार्यकारिणी के लिए 244 डेलीगेट चुने जाते हैं। चुने हुए डेलीगेट 11 डायरेक्टरों का चयन करते हैं और बाद में इन 11 डायरेक्टरों में एक समिति को चेयरमैन और दूसरे को उप चेयरमैन चुना जाता है। इस बार 23 सितंबर से पहले चरण में डेलीगेट चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी। डेलीगेट के पांच पद रिक्त होने के कारण 244 डेलीगेट में से 239 पदों पर चुनाव था। इनमें से 132 डेलीगेट निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। शेष 107 डेलीगेट पदों के लिए 228 प्रत्याशी चुनाव मैदान में आमने-सामने थे।

घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार को डेलीगेट के लिए मतदान प्रस्तावित था। इसके लिए कांठ नगर स्थित डीएसएम इंटर कॉलेज में 56 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। जिस पर सुबह निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त मनरेगा की मौजूदगी में मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई थी। 107 डेलीगेट चुनने के लिए 17840 मतदाताओं को वोट डालने का अधिकार प्राप्त था। इन मतदाताओं ने शाम 04:00 बजे तक पूरे उत्साह और उल्लास के साथ जमकर मतदान किया। गन्ना समिति कांठ के सचिव खेत सिंह के अनुसार करीब 75 प्रतिशत मतदान हुआ है।

— मतदाताओं में मतदान के लिए दिखाई दिया उत्साह
सहकारी गन्ना विकास समिति चुनाव के क्रम में पहले चरण में डेलीगेट चयन के लिए कराए गए मतदान के दौरान मतदाताओं में मतदान करने के लिए भारी उत्साह देखा गया। बुजुर्गों, महिलाओं, युवा किसान मतदाताओं ने जमकर वोट डाले। कोई मतदाता व्हीलचेयर के सहारे वोट डालने पहुंचा तो किसी को उसके परिजन अपनी गोद और कंधे पर बैठाकर मतदान कराने के लिए मतदान केंद्र पर लेकर पहुंचे। सबसे मतदान में सबसे अधिक भागीदारी वृद्ध मतदाताओं की रही।

— मतदान के बाद तत्काल हुई मतगणना
सहकारी गन्ना विकास समिति कांठ में 107 डेलीगेट पदों पर बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान होने के बाद शाम को तत्काल मतगणना कराई गई। जिसमें 228 प्रत्याशियों में से 107 के गन्ना समिति डेलीगेट निर्वाचित होने की घोषणा की गई। इसी के साथ पहले निर्विरोध निर्वाचित हुए 132 डेलीगेटों की भी विधिविधान से घोषणा की सभी 239 डेलीगेट को जीत के प्रमाण-पत्र निर्वाचन अधिकारी के द्वारा दिए गए।

— मतदान के दौरान अधिकारी करते रहे भ्रमण
सहकारी गन्ना विकास समिति कांठ में डेलीगेट चयन के लिए कराए गए मतदान के दौरान पूरा दिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मतदान स्थल डीएसएम इंटर कॉलेज में जायजा लेते रहे। यहां मतदान के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिहाज से कड़े प्रबंध किए गए थे। उपजिलाधिकारी कांठ प्रिंस वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक अपेक्षा निम्बाड़िया, थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ विजेंद्र सिंह आदि भारी पुलिस फोर्स और पीएसी जवानों के साथ मतदान स्थल पर मौजूद रहे। यहां मतदान को शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए बाहरी थानों से भी फोर्स को बुलाया गया था।

— अब सात अक्तूबर से होगा दूसरे चरण का चुनाव
सहकारी गन्ना विकास समिति चुनावी प्रक्रिया के क्रम में जहां डेलीगेट चयन के लिए पहले चरण का मतदान व निर्वाचन हो गया है तो अब दूसरे चरण में डायरेक्टरों के चयन को सात अक्तूबर से चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी। जो 16 अक्तूबर तक चलेगी। इसके बाद 17 अक्तूबर को गन्ना समिति चेयरमैन और उप चेयरमैन के लिए चुने हुए डायरेक्टरों के द्वारा मतदान किया जाएगा। इसकी सरगर्मी तेज हो गई है।




