
सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड
चुरहट अस्पताल का निरीक्षण- दवा आपूर्ति, स्वच्छता व डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
——
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने चुरहट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों के स्टॉक की जांच करते हुए जिन आवश्यक दवाओं की कमी पाई गई, उनकी शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक नियमित रूप से ओपीडी में उपस्थित रहें तथा मुख्यालय में निवास करना सुनिश्चित करें, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने उपखंड अधिकारी चुरहट श्री विकास आनंद को अस्पताल का समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, जिससे व्यवस्थाओं की सतत निगरानी बनी रहे और लापरवाही की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी



