
*सुचारू संचालन एवं प्रभावी प्रबंधन के दिए निर्देश*
*प्लांट की कार्यप्रणाली का लिया जायजा*
पाली, 14 अप्रैल। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने मंगलवार को नगर निगम के कचरा प्लांट का निरीक्षण कर उसके सुचारू संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान रॉल्स इंडिया लिमिटेड कंपनी एवं नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में प्लांट की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि जिला कलेक्टर ने प्लांट के संचालन से संबंधित बिंदुवार जानकारी ली तथा कंपनी प्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट का संचालन और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से किया जाए।
जिला कलेक्टर डॉ. गोस्वामी ने निर्देशित किया कि प्लांट में तैयार हो रही कम्पोस्ट खाद का लैब में परीक्षण करवाया जाए। यदि खाद निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है, तो आगामी किसान सम्मेलनों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे किसानों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कम्पोस्ट खाद का उपयोग नगर के उद्यानों एवं वन विभाग की नर्सरियों में किया जा सकता है। साथ ही कपड़ा उद्योग से निकलने वाले कपड़े के अवशेषों के उपयोग तथा सीमेंट फैक्ट्रियों में ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने प्लांट की संचालन प्रक्रिया को विस्तार से समझा और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से शहर में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी एवं कंपनी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।








