

अंतरिक्ष विज्ञान में सर्वोच्च योगदान पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
कटनी
जिले के लिए यह क्षण गर्व, सम्मान और गौरव से भरा हुआ है। ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम बिछिया निवासी अंकुर गर्ग को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सर्वोच्च योगदान के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से प्रदान किया गया।
अंकुर गर्ग, ग्राम बिछिया निवासी स्वर्गीय विनोद गर्ग के सुपुत्र हैं और वर्तमान में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो में पदस्थ हैं। उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं नवाचारी कार्य करते हुए देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च सम्मान मिलना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि कटनी जिले, मध्यप्रदेश और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
एक छोटे से ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक मंच पर पहचान बनाना अंकुर गर्ग की मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है। उनकी यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है कि कठिन परिश्रम और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल
राष्ट्रपति पुरस्कार की खबर मिलते ही ग्राम बिछिया, ढीमरखेड़ा तहसील सहित पूरे कटनी जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने अंकुर गर्ग को बधाइयाँ देते हुए इसे जिले के लिए स्वर्णिम उपलब्धि बताया है। अंकुर गर्ग की यह ऐतिहासिक सफलता यह सिद्ध करती है कि कटनी की प्रतिभा देश ही नहीं, विश्व स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सक्षम है।
कटनी ब्यूरो चीफ
सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर हेतु संपर्क करें




