

धनबाद
कतरास। बीसीसीएल एरिया तीन अंतर्गत सोनारडीह ओपी के टंडाबारी में भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने जमशेदपुर पश्चिम के जदयू विधायक सरयू राय पहुंचे। उनके साथ पूर्व वियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा, जदयू प्रदेश महासचिव उदय कुमार सिंह, मंडल समाज के गौतम मंडल तथा धनबाद नगर निगम वार्ड संख्या 5 की पार्षद निरुपमा देवी भी मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने जमींदोज हुए घरों का मुआयना किया और दरार पड़े जमीन व मकानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।u उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा, ताकि प्रभावित आदिवासी समाज को न्याय मिल सके। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि बीसीसीएल प्रबंधन सहित सभी संबंधित विभागों को प्रभावितों के हित में सक्रिय किया जाएगा।
राहत व्यवस्था पर सवाल, बिजली-पानी ठप
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बीसीसीएल द्वारा पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन यह सभी प्रभावितों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है। इसके अलावा क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
डीजीएमएस ही गुनहगार” – विजय कुमार झा
पूर्व वियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा कि कोयलांचल क्षेत्र में जमीन धंसान और सतह पर धुआं निकलने जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब डीजीएमएस एक विशेषज्ञ संस्था है, तो अब तक स्पष्ट सर्वे कर श्वेत पत्र क्यों नहीं जारी किया गया, जिसमें यह बताया जाए कि कौन से क्षेत्र रहने योग्य हैं और किन क्षेत्रों को खाली कराना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसके लिए डीजीएमएस भी जिम्मेदार होगा।
मुआवजा और पुनर्वास की मांग तेज
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन से मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों का शीघ्र सर्वे कराया जाए और उन्हें उचित मुआवजा व पुनर्वास की सुविधा दी जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में तत्काल राहत पहुंचाने तथा बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं जल्द बहाल करने की मांग भी उठाई गई है।









