
तीन साल से पुलिस की नजर में था आरोपी, हाटा-पिपराईच मार्ग से दबोचा गया वांछित

हाटा (कुशीनगर) अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत कोतवाली हाटा पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन सिंह के मार्गदर्शन में कोतवाली हाटा पुलिस टीम सक्रिय रूप से वांछित और वारंटियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में सोमवार 9 मार्च को प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और संदिग्धों की तलाश में निकली थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हाटा–पिपराईच मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस ने वांछित आरोपी संतोष कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के बड़हरा महंत गांव का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में थाना कोतवाली हाटा में मुकदमा अपराध संख्या 281/2022 दर्ज है। इस मामले में उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366, 376 तथा पाक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत गंभीर आरोप लगाए गए थे। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ की और आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे के साथ उपनिरीक्षक राजकपूर और हेड कांस्टेबल चन्द्रजीत यादव की भूमिका अहम रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। फरार और वांछित आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।





