
*धनबाद :* बीसीसीएल के ब्लॉक दो क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों का दुस्साहस सामने आया है। सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त करने की घटना की जांच करने पहुंचे बीसीसीएल के जीएम सिक्योरिटी Hafizul Qureshi और ब्लॉक दो के जीएम Rajeev Ranjan पर हमला कर दिया गया।
हमलावरों ने न केवल धक्का-मुक्की की, बल्कि दोनों अधिकारियों के अपहरण की भी कोशिश की। घटना शुक्रवार दोपहर की है। दोनों अधिकारी परियोजना क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पहुंचे थे।
इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों ने उन्हें घेर लिया और अचानक हाथापाई शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख अधिकारी किसी तरह वहां से निकलकर बाघमारा थाना की ओर बढ़े, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। थाना से कुछ दूरी पहले ही आरोपितों ने वाहनों को रोक लिया और जबरन अधिकारियों को गाड़ी से उतारने का प्रयास किया।
इस दौरान चालक के साथ भी मारपीट कर वाहन की चाबी छीन ली गई। हमलावर दोनों अधिकारियों को दूसरे वाहन में बैठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी किसी तरह दोनों जीएम मौके से निकलकर थाना परिसर में घुस गए और अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जीएम सिक्योरिटी को सुरक्षित ब्लॉक दो कार्यालय पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जीएम सिक्योरिटी ने बताया कि जांच के दौरान अज्ञात लोगों ने कॉलर पकड़कर जबरन ले जाने की कोशिश की। मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस में लिखित शिकायत की प्रक्रिया जारी है।



