

नजीबाबाद के हरिद्वार रोड स्थित दोजवाली माता काली मंदिर के पास इंडियन गैस गोदाम पर इन दिनों उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें रोजाना सुबह 5 बजे से ही लगनी शुरू हो जाती हैं, जहां उपभोक्ता अपनी बारी का घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। लाइन में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या मौजूद रहती है। रविवार सुबह करीब 9 बजे तक लगभग 600 उपभोक्ता लाइन में लगे हुए थे, जिससे व्यवस्था बनाए रखना गैस एजेंसी कर्मचारियों और पुलिस के लिए चुनौती बन गया।
इस संबंध में गैस एजेंसी संचालक रोहित राज ने बताया कि उपभोक्ताओं में अनावश्यक घबराहट देखी जा रही है। उनके अनुसार, कई ऐसे लोग भी गैस बुकिंग कराकर लाइन में लग रहे हैं, जो पहले 3-4 महीनों तक गैस नहीं लेते थे। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग सिलेंडर लेकर उसे ब्लैक में बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी चल रही है, जिसके चलते व्यापारी घरेलू सिलेंडरों का उपयोग कर रहे हैं। इससे गोदाम पर भीड़ और बढ़ गई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि गोदाम में जितनी गैस की आपूर्ति हो रही है, उसका अधिकांश हिस्सा नियमित रूप से वितरित किया जा रहा है।







