

बलौदाबाजार। नववर्ष 2026 की शुरुआत पुलिस विभाग के लिए गर्व और उत्साह से भरी रही। जिले के तीन कर्तव्यनिष्ठ सहायक उपनिरीक्षकों को उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति का गौरव प्राप्त हुआ। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में सहायक उप निरीक्षक विजय केसरिया, सुरेंद्र सिंह एवं जगदेव साहू के कंधों पर दो-स्टार लगाकर उन्हें उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने की शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने कहा कि पदोन्नति केवल एक पद परिवर्तन नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों और जनता की अपेक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने नवपदोन्नत उप निरीक्षकों से ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की अपेक्षा जताई।
उल्लेखनीय है कि उप निरीक्षक विजय केसरिया वर्तमान में थाना सिटी कोतवाली, सुरेंद्र सिंह थाना लवन तथा जगदेव साहू थाना हथबंद में पदस्थ होकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवा, परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा का यह परिणाम उनके लिए नववर्ष का अनोखा और प्रेरणादायक उपहार साबित हुआ।
पदोन्नति समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार श्री अभिषेक सिंह, बड़े बाबू शैलेंद्र प्रजापति, स्टेनो मनीष चौबे, स्थापना शाखा प्रभारी अश्वनी विशाल सहित पुलिस कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने नवपदोन्नत अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह पदोन्नति न केवल संबंधित अधिकारियों के लिए सम्मान की बात है, बल्कि पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।














