

निवाड़ी, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की नोलेज टूरिज्म पहल के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, सतना की छात्राओं को 17 एवं 18 दिसंबर 2025 को निवाड़ी ओरछा के समीप चयनित ग्रामीण पर्यटन ग्राम लाडपुरा, राधापुर एवं बागन का शैक्षणिक अध्ययन भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता, महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय आजीविका आधारित पर्यटन की व्यावहारिक समझ विकसित करना था।
भ्रमण के दौरान छात्राओं को ग्रामीण होमस्टे व्यवस्था, पारंपरिक आतिथ्य, फूलों की होली, भजन-मंडली प्रस्तुति, बैलगाड़ी की सवारी एवं स्थानीय भोजन का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।
पहले दिन का कार्यक्रम
पहले दिन छात्राओं का आगमन ग्राम राधापुर में हुआ, जहाँ उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके पश्चात बैलगाड़ी की सवारी कर छात्राओं को ग्रामीण होमस्टे तक ले जाया गया। यहाँ हरितिका टीम के लीडर श्री मनोज नायक द्वारा भ्रमण के उद्देश्य, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ग्रामीण पर्यटन परियोजना तथा महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
शाम को छात्राओं ने जहांगीर महल में लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन किया तथा सांस्कृतिक भजन मंडली प्रस्तुति के माध्यम से बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हुईं। इस अवसर पर सभी ने स्थानीय व्यंजनों का भी स्वाद लिया।
दूसरे दिन का अनुभव
दूसरे दिन ग्रामीण पर्यटन समिति की अध्यक्ष श्रीमती उमा पाठक ने होमस्टे के निर्माण एवं संचालन की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। इसके पश्चात छात्राओं को चतुर्भुज मंदिर, राम राजा मंदिर एवं हरदौल लाला मंदिर का भ्रमण कराया गया।
विशेष रूप से छात्राओं को महिला नेतृत्व वाले उद्यमियों से संवाद का अवसर मिला, जहाँ उन्होंने मिट्टी के स्मृति चिह्न (सुवेनियर) बनते हुए देखे तथा स्वयं भी चाक पर खिलौने बनाने का अनुभव प्राप्त किया। इसके साथ ही छात्राओं ने ओरछा की बालिकाओं द्वारा बनाई जा रही बुंदेली पेंटिंग की बारीकियों को देखा और समझा।
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना एवं पर्यटक सुविधा केंद्र से जुड़ी स्थानीय महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों की भी जानकारी साझा की गई।
सतत विकास का संदेश
यह अध्ययन भ्रमण छात्राओं के लिए न केवल शैक्षणिक दृष्टि से उपयोगी रहा, बल्कि उन्हें ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से सतत विकास, स्थानीय रोजगार सृजन एवं सांस्कृतिक संरक्षण की महत्ता को समझने का अवसर भी प्रदान किया। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की नोलेज टूरिज्म आधारित पहलें निरंतर आयोजित की जाएंगी।
यह अध्ययन भ्रमण मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के निदेशक डॉ. डी.पी. सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ की अध्यक्ष महफिस बानो एवं पर्यटक सुविधा केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साथ ही सतना कॉलेज से आए शिवेंद्र सिंह, जयप्रकाश, रश्मि सिंह, कामिनी सिंह, दृष्टि सक्सेना, पूजा मिश्रा, सुबोध शर्मा, जयहिंद, नीरज एवं नरेंद्र का विशेष योगदान रहा।





