A2Z सभी खबर सभी जिले कीदेश
Trending

प्रियंका गांधी ने वायनाड से किया चुनावी राजनीति का आगाज

प्रियंका गांधी ने वायनाड लोकसभा के उपचुनाव से चुनावी राजनीति का आगाज किया। नेहरू-गांधी परिवार की दसवीं सदस्य हैं प्रियंका गांधी जिन्होंने चुनावी राजनीति में कदम रखा है।

प्रियंका गांधी ने वायनाड लोकसभा के उपचुनाव से चुनावी राजनीति का आगाज किया। नेहरू-गांधी परिवार की दसवीं सदस्य हैं प्रियंका गांधी जिन्होंने चुनावी राजनीति में कदम रखा है। बुधवार को उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके पति रोबर्ट वाड्रा मौजूद रहें। नामांकन से पहले प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने रोड शो किया।

पहली बार अपने लिए समर्थन की मांग कर रही हूँ

वायनाड में नामांकन से पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं पिछले 35 साल से अलग-अलग चुनावों और लोगों के लिए प्रचार कर रही हूं। यह पहली बार है, जब मैं आपके समर्थन की मांग अपने लिए कर रही हूं। यह एक बहुत ही अलग एहसास है। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मुझे वायनाड से उम्मीदवार बनने का सौभाग्य दिया।

वायनाड में क्यों हो रहा उपचुनाव?

वायनाड में लोकसभा का उपचुनाव राहुल गांधी के द्वारा यह सीट खाली करने के बाद हो रही है। 2024 का लोकसभा चुनाव राहुल गांधी ने यूपी के रायबरेली और केरल के वायनाड संसदीय सीट से लड़ा था। दोनों जगहों से राहुल गांधी को जीत मिली। एक व्यक्ति एक समय में एक ही जगह से सांसद रह सकता है। इसलिए राहुल गांधी ने वायनाड की सीट छोड़ दी।

2019 लोकसभा चुनाव में वायनाड ने बचाई थी राहुल गांधी की लाज

2019 लोकसभा चुनाव में वायनाड ने राहुल गांधी की लाज बचाई थी। 2019 का लोकसभा चुनाव राहुल गांधी अमेठी और वायनाड से लड़े थें। गांधी परिवार का पारंपरिक सीट अमेठी से राहुल गांधी को स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अगर राहुल वायनाड से उस समय नहीं लड़ते तो वह कुछ दिनों के लिए सांसद नहीं रह पाते।

प्रियंका गांधी को बीजेपी से कौन दे रही टक्कर?

प्रियंका गांधी के खिलाफ बीजेपी ने भी एक महिला को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने नव्या हरिदास को मैदान में उतारा है। नव्या पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने 2007 में बी.टेक की पढ़ाई पूरी की। वह कोझीकोड की निगम पार्षद हैं और बीजेपी महिला मोर्चा की राज्य महासचिव भी हैं।

कब होगा चुनाव?

वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा और नतीजा 23 नवंबर को आएगा।

Vishal Leel

Sr Media person & Digital Creator
Back to top button
error: Content is protected !!