

सरदारपुर। धार जिले की सरदारपुर तहसील में लोक निर्माण विभाग अंतर्गत बरमंडल से चिराखान मार्ग पर ठेकेदार लापरवाही के चलते बारिश के पहले साईड पट्टी नहीं भरे जाने के कारण वाहन चालकों को पहले ही बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था वही दुसरी ओर विगत दिनों हर घर जल हर घर नल योजना अंतर्गत चल रहे कार्य में जल निगम इंदौर के ठेकेदार ने मनमानी करते हुए सड़क किनारे ही जेसीबी चलाकर साइड पट्टी खोद दी जिसके चलते साइड पट्टी पर कीचड़ ही कीचड़ हो रहा है। बड़े वाहनों को साईड देने के चक्कर में अन्य वाहन नीचे उतारने पर फिसल रहे हैं। खोदी गई पट्टी को समतल भी नहीं किया गया। जिसके चलते वाहन चालक फिसल रहे हैं। इस संबंध में विभागीय जिम्मेदारों को चार दिन पुर्व ही उक्त समस्या से अवगत कराया गया था उस समय विभाग के जिम्मेदारों द्वारा अगले दिन मार्ग सुधार का कहकर पल्ला झाड़ लिया गया जबकि चार दिन बीत जाने के बाद भी इस ओर ध्यान तक देना मुनासिब नहीं समझा। विभाग के जिम्मेदार शायद किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं।












