

बलौदाबाजार/रायपुर।
समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली बलौदाबाजार जिले के कसडोल की डॉ. वर्षा मिश्रा (शर्मा) को प्रतिष्ठित “नारी शक्ति गौरव सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह 8 मार्च 2026, रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर के विमतरा सभागृह, मधु पिल्ले चौक, शांति नगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बुजुर्गों की चौपाल संस्था द्वारा संस्था के 115 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 115 प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस भव्य आयोजन में कसडोल की डॉ. वर्षा मिश्रा को सम्मानित किए जाने पर बलौदाबाजार जिले में खुशी की लहर है। उनके सम्मान से न केवल कसडोल बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने महिलाओं की भूमिका और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि महिला शक्ति समाज की आधारशिला है और उनके सम्मान, सशक्तिकरण तथा आर्थिक मजबूती से ही समाज प्रगति की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण और निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।
वहीं रायपुर महापौर मीनल चौबे ने भी महिलाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि नारी शक्ति का स्वरूप है और आज हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी प्रतिभा और मेहनत से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, रायपुर महापौर मोना सेन, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस गरिमामय आयोजन के संस्थापक प्रशांत पांडेय, अध्यक्ष डॉ. आरती उपाध्याय तथा कार्यक्रम प्रभारी पदमा शर्मा ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। कार्यक्रम में अमरजीत सिंह छाबड़ा, कर्णिका जैन, लोकेश कांवरिया, ममता साहू, प्रतिष्ठा हरितवाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान को सराहा गया। यह आयोजन महिलाओं के सम्मान, प्रेरणा और समाज में उनके योगदान को नई पहचान देने वाला साबित हुआ।
कसडोल की डॉ. वर्षा मिश्रा को मिले इस सम्मान से बलौदाबाजार जिले के लिए यह गर्व का क्षण बन गया है और उनके कार्यों से क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी समाज सेवा के लिए प्रेरणा मिल रही है।






