

बलौदाबाजार: जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में न केवल कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है, बल्कि मानव सेवा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है।
इसी मानवीय दृष्टिकोण के तहत आज दिनांक 28.03.2026 को जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार से मिली सूचना के अनुसार, एक युवती गंभीर स्थिति में भर्ती थी और उसे तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही पुलिस कार्यालय में पदस्थ आरक्षक कृष्ण कुमार साहू और आरक्षक अरुण धृतलहरे तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरीज के परिजनों से संपर्क कर स्थिति का आकलन किया और अपनी सेवा भावनाओं को सामने रखते हुए मरीज के जीवन रक्षक उपचार के लिए स्वयं रक्तदान किया।
इस संवेदनशील कदम ने न केवल मरीज को जीवनदान दिया, बल्कि समाज में पुलिस के मानवीय और सेवाभावी चेहरा भी उजागर किया। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस इस प्रकार की सेवा में सदैव तत्पर है और जनता की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए निरंतर योगदान देती रहेगी।
यह घटना पुलिस और समाज के बीच भरोसे और प्रेमभाव की मिसाल बन गई है, जहाँ कर्तव्य और संवेदनशीलता दोनों का सामंजस्य दिखा।










