बालोतरा में तीन वाहनों की भीषण टक्कर, पचपदरा रोड पर लगा लंबा जाम
बालोतरा शहर के पचपदरा रोड स्थित आकड़िया महादेव मंदिर के समीप रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गाड़ियों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:45 बजे एक पानी के कैंपर से भरी बड़ी पिकअप गाड़ी रॉन्ग साइड से आ रही थी। इसी दौरान पचपदरा की तरफ से आ रहे टेंपो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी भी नियंत्रण खो बैठी और दोनों वाहनों से जा टकराई। इस दुर्घटना में तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के चलते पचपदरा रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड वाहन चलने से हादसों का खतरा बना रहता है।