A2Z सभी खबर सभी जिले की

भूपतवाला स्थित ब्रह्म निवास उत्तरी क्षेत्र में विशाल संत समागम संपन्न हरिद्वार 

विजय कुमार बंसल हरिद्वार ब्यूरो

भूपतवाला स्थित ब्रह्म निवास उत्तरी क्षेत्र में विशाल संत समागम संपन्न हरिद्वार

भूपतवाला स्थित प्रसिद्ध ब्रह्म निवास उत्तरी क्षेत्र ट्रस्ट में आज प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान परम पूज्य स्वामी बोध प्रकाश जी महाराज की पावन स्मृति का स्मरण करते हुए एक भव्य संत समागम का आयोजन बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह पावन आयोजन आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी परमत्मदेव जी महाराज के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें अनेक संत-महापुरुषों की गरिमामयी उपस्थिति रही।इस अवसर पर अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में स्वामी परमत्मदेव जी महाराज ने कहा कि गुरु अंधकार में जगमगाते दीपक के समान हैं। जिस प्रकार दीपक अपने आसपास के अंधकार को दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार गुरुजनों के पावन वचन मनुष्य के मन-मस्तिष्क में बसे अज्ञान और अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु कृपा से ही मानव जीवन का सच्चा मार्ग प्रशस्त होता है और जीवन सार्थक बनता है।इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वामी कृष्णदेव जी महाराज ने कहा कि गुरु इस पृथ्वी लोक पर साक्षात परमात्मा का स्वरूप हैं। गुरु ज्ञान की निर्मल गंगा के समान हैं, जिनके मार्गदर्शन से मनुष्य का भाग्य बदल जाता है और उसके जीवन की काया पलट हो जाती है। गुरु का सानिध्य मनुष्य को नई दिशा, नई सोच और आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करता है।

संत समागम में निर्मल अखाड़े के श्री महंत स्वामी ज्ञानदेव जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी विवेकानंद जी महाराज, महंत रविदेव महाराज, ज्ञान गुदड़ी पीठाधीश्वर स्वामी कल्याण देव जी महाराज तथा महंत ज्ञानानंद जी महाराज ने भी अपने श्रीमुख से सुंदर, पावन और कल्याणकारी विचार व्यक्त कर श्रद्धालुओं को गुरु महिमा का महत्व बताया।समागम के अंत में संत-महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ तथा श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर अपने जीवन को धन्य माना। आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण बना रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!