
मनरेगा खत्म करने के खिलाफ झामुमो का जोरदार विरोध, जिला परिषद से रणधीर वर्मा चौक तक पैदल मार्च
धनबाद। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा देश की महत्वाकांक्षी रोजगार योजना मनरेगा को रद्द कर उसकी जगह “VB GRAM G बिल – विकसित भारत: गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” को जबरन पास किए जाने के विरोध में शनिवार (27 दिसंबर 2025) को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) धनबाद जिला इकाई की ओर से जोरदार आंदोलन किया गया।
केंद्रीय निर्देशानुसार जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक जुलूस की शक्ल में पैदल मार्च निकाला गया, जिसके बाद एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। आंदोलन में झामुमो धनबाद जिला अंतर्गत केंद्रीय सदस्य, जिला समिति, महानगर, नगर एवं नगर पंचायत, सभी प्रखंडों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इसके अलावा अल्पसंख्यक मोर्चा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, छात्र मोर्चा, बुद्धिजीवी मोर्चा, व्यवसायिक मोर्चा, क्रीड़ा मोर्चा, किसान मोर्चा, झा.को.म.यू. के केंद्रीय, एरिया, ईसीएल एवं बीसीसीएल जोन के नेता, पूर्व बीससूत्री सदस्य, सोशल मीडिया टीम तथा बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
धरना स्थल पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पूरे आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला।
इस मौके पर झारखंड मुक्ति युवा मोर्चा, धनबाद के जिलाध्यक्ष सूरज महतो ने कहा कि
> “मनरेगा को खत्म कर केंद्र सरकार ने लोकतंत्र की हत्या और कानून का उल्लंघन किया है। यह फैसला साफ तौर पर गरीब, मजदूर और ग्रामीण विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। झामुमो इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा। जरूरत पड़ी तो इससे भी तेज और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि मनरेगा करोड़ों गरीब परिवारों के लिए जीवनरेखा है और इसे खत्म करना ग्रामीण भारत को बेरोजगारी व भुखमरी की ओर धकेलने जैसा है।










