A2Z सभी खबर सभी जिले की

महराजगंज पुलिस ने अंतरजनपदीय एटीएम चोरी और साइबर ठगी करने वाले शातिर गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

महराजगंज।

महराजगंज पुलिस ने अंतरजनपदीय एटीएम चोरी और साइबर ठगी करने वाले शातिर गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, 34 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर साइबर ठगी और चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों आरोपियों को ग्राम पिपरपाती से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप कुमार पासवान (38 वर्ष) पुत्र मंगरू पासवान और संदीप पासवान (30 वर्ष) पुत्र रामनरेश पासवान निवासी मोहरीपुर थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर में सक्रिय था। आरोपी सुनसान एटीएम बूथों की रेकी कर चोरी करते थे और भोले-भाले लोगों की मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। संदेह से बचने के लिए आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में सामान बेचने का ढोंग करते थे और मोबाइल फोन का बेहद कम इस्तेमाल करते थे। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए वे अक्सर किराये के वाहनों का इस्तेमाल करते थे। पिछले चार महीनों से यह गिरोह सक्रिय था और बीते दो महीनों में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।

बरामदगी में 45 हजार रुपये नकद, 34 विभिन्न कंपनियों के एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल शामिल है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। महराजगंज पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!