
चारु चौधरी (उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश स्टेट विमेन कमिशन) की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई, जागरूकता चौपाल और जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
महिला जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और छेड़छाड़ से जुड़े कुल 30 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को दोनों पक्षों को सुनकर मामलों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस की शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए महिला थाना और संबंधित थानाध्यक्षों को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा तथा एक सप्ताह में निस्तारण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान कार्ड के प्रति लोगों को जागरूक कर कैंप के माध्यम से पात्र लोगों के कार्ड बनवाने पर जोर दिया। 

बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति की जांच कराने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जो बालिकाएं स्कूल नहीं जा रही हैं उन्हें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से जोड़कर शिक्षा से वंचित न रहने दिया जाए। साथ ही स्कूलों में शौचालय की साफ-सफाई और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद चारू चौधरी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कपिया मिश्र और आंगनबाड़ी केंद्र कपिया मिश्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और गणित के सवाल हल कराए, जिसमें बच्चे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी कराया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समय से पोषाहार वितरण करने और कुपोषित बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थनगर डिस्ट्रिक्ट जेल का निरीक्षण कर महिला बैरक का जायजा लिया और विचाराधीन महिला बंदियों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। जेल में चल रहे सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण, पाकशाला, बैरक और शौचालय की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अपना घर वृद्धाश्रम (पुराना नौगढ़) का भी दौरा किया और वहां रह रहे वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति तथा मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रोहिणी, एंटी रोमियो प्रभारी मीरा चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कमार जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











