A2Z सभी खबर सभी जिले की

मासूम की मौत पर फूटा गुस्सा

गिरफ्तारी के आश्वासन पर खुला जाम

सिद्धार्थनगर जिले के समय माता कठेला थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांव में 5 वर्षीय मासूम बच्चे की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोप है कि बाग में फैले नग्न बिजली के तार की चपेट में आने से मासूम की जान चली गई, लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त हो गई।

गुरुवार को पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने बढ़या-कठेला मार्ग स्थित चूही ग्रांट पुल पर शव रखकर घंटों चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बाग मालिक सलाहुद्दीन पुत्र मुस्लिम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी आनंद कुमार एवं इटवा के नायब तहसीलदार विनिर्देश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि आरोपी सलाहुद्दीन को 14 मई 2026 तक हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा। लिखित एवं मौखिक आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

प्रशासन का कहना है कि मासूम की मौत बेहद गंभीर मामला है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि तय समय के भीतर गिरफ्तारी न होने पर दोबारा

आंदोलन किया जाएगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Back to top button
error: Content is protected !!