मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी सुनीं समस्याएं
मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर भरोसा दिलाया कि सरकार सभी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोग निश्चिंत होकर घर जाएं, उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान संबंधित जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़ी शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनता दर्शन में कुछ अभिभावक अपने बच्चों के साथ भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और पढ़ाई के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों को किताबें पढ़ने की आदत डालने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए बच्चों को पढ़ाई, किताबों और सकारात्मक गतिविधियों पर अधिक ध्यान देना चाहिए।