
——–
सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड 9427159227

कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने तहसील चुरहट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा आमजन के आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के आवेदनों का निराकरण गंभीरता से करते हुए समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा विलंब की स्थिति में पेनल्टी अधिरोपित की जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाया जाए और राजस्व प्राप्ति में तेजी लाई जाए, ताकि वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समय पर हो सके।
कलेक्टर ने स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्य अनुसार प्रकरण स्वीकृत कर लाभ वितरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति निकट है, ऐसे में सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।
रेलवे परियोजनाओं के अंतर्गत भू-अर्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रैक निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। जिन ग्रामों में धारा 19 के बाद धारा 21 के नोटिस जारी होना शेष है, उन्हें तत्काल जारी किया जाए। साथ ही जिन मामलों में धारा 23 के तहत अवॉर्ड घोषित किया जाना है, उन्हें प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। जिन कृषकों के अवॉर्ड जारी हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके उपरांत कलेक्टर ने चुरहट में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें।
बैठक में उपखंड अधिकारी चुरहट श्री विकास आनंद सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #Sidhi
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh








