
लेखपाल संघ के चुनाव में केके सरोज अध्यक्ष तथा मो. अकरम महामंत्री हुए निर्वाचित, खुशी
लेखपाल संघ के चुनाव में विजयी मुद्रा में प्रसन्न नवनिर्वाचित पदाधिकारी
लालगंज, प्रतापगढ़। लालगंज तहसील के लेखपाल संघ का चुनाव रविवार को गहमागहमी के बीच सम्पन्न हुआ। वार्षिक चुनाव में केके सरोज दोबारा संघ के अध्यक्ष व मो. अकरम खान महामंत्री निर्वाचित हुए। केके सरोज ने अध्यक्ष पद पर सीधे मुकाबले में आशीष तिवारी को सैंतीस मतों से पराजित किया। वहीं महामंत्री पद पर मो. अकरम खान ने आशीष कुमार शुक्ल को बाइस मतों से शिकस्त दी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विनोद कुमार यादव ने गौरव मिश्र को सोलह मतों से हार का स्वाद चखाया। वहीं कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिवम सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। उपमंत्री पद पर जितेन्द्र शुक्ल एवं आय व्यय निरीक्षक पद पर कुलदीप राव तथा कोषाध्यक्ष पद पर राजू सरोज भी निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव परिणामों की घोषणा जिला आय व्यय निरीक्षक एवं चुनाव अधिकारी प्रथम गया प्रसाद सरोज तथा पट्टी लेखपाल संघ अध्यक्ष एवं चुनाव अधिकारी द्वितीय आदित्यनाथ यादव ने किया। जैसे ही चुनाव परिणाम घोषित हुए विजयी पदाधिकारियों का साथी लेखपालों ने माल्र्यापण कर स्वागत किया। चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में देवेन्द्र ओझा मौजूद रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष केके सरोज तथा महामंत्री मो. अकरम ने लेखपाल संघ की मजबूती के साथ संघ की मांगों को लेकर संघर्ष को और मजबूती प्रदान करने का एलान किया। निर्वाचित पदाधिकारियों को एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा तथा तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह व नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने भी शुभकामनाएं सौंपी।




