
*उत्साह और गरिमामय ढंग से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह*
*सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की ली सलामी*
*मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों के नाम प्रेषित संदेश का किया गया वाचन*
*विभागीय योजनाओं पर आधारित झाकी प्रदर्शनी से गणतंत्र दिवस समारोह में आए लोगो को योजनाओ की भौतिक रूप से मिली जानकारी*
*स्कूली बच्चों द्वारा शानदार सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम की दी गई मनमोहक प्रस्तुति*
*स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद के परिजनों और मीसाबंदियो को किया गया सम्मानित*
सक्ती 26 जनवरी 2026/ जिला मुख्यालय सक्ती में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति की भावना और हर्षोल्लास के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह कलेक्टर कार्यालय के निकट ग्राउंड में गरिमामय और भव्य रूप से आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री का जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं पर आधारित झाकी प्रदर्शनी से गणतंत्र दिवस समारोह में आए लोगो को योजनाओ की भौतिक रूप से भी जानकारी मिली। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल में विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा शानदार सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद के परिजनों और मीसाबंदियो को भी सम्मानित किया गया व विभिन्न शासकिय विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर कार्यालय के निकट मैदान में मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर के साथ परेड का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में शांति के प्रतीक रंगीन गुब्बारे भी छोड़े गए। मुख्य कार्यक्रम में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री उमेश कुमार राय के नेतृत्व में आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीद के परिजनों और मीसाबंदियो से भेंट कर उन्हें गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देने के साथ ही उन्हें शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सेजेस कसेरपारा श्री देवाशीष बनर्जी द्वारा किया गया। समारोह में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चें एवं जिले के नागरिकगण उपस्थित थे।
*परेड में जिला बल पुलिस (पुरूष) को मिला प्रथम स्थान -*
गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आज मार्च पास्ट में नौ टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रोफेशनल वर्ग में जिला पुलिस बल (पुरूष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला पुलिस बल (महिला) द्वितीय तथा नगर सेना (पुरूष) को तृतीय स्थान मिला। परेड नॉन प्रोफेशनल वर्ग में प्रथम स्थान सीनियर एन.सी.सी. बालक, द्वितीय स्थान जूनियर एन.सी.सी बालिका और तृतीय स्थान सीनियर एन.सी.सी. बालिका को प्राप्त हुआ। मार्चपास्ट में जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, नगर सेना पुरूष, वन विभाग प्लाटून,एन.सी.सी. ब्वायज सिनियर डिवीजन, एन.सी.सी. गर्ल्स सिनियर विंग, एन.सी.सी. ब्वायज जूनियर डिवीजन, एन.सी.सी. गर्ल्स जूनियर विंग, भारत स्काऊट एंड गाईड के दल शामिल हुऐ।
*सांस्कृतिक कार्यक्रम में लिटिल फ्लावर इंग्लिश मीडियम स्कूल सक्ती को मिला प्रथम पुरस्कार-*
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल में समा बांध दिया। लिटिल फ्लावर इंग्लिश मीडियम स्कूल को प्रथम स्थान, जिंदल वर्ल्ड स्कूल सक्ती को द्वितीय स्थान और इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी (बा)को तृतीय स्थान मिला। सास्कृतिक कार्यक्रमो में कुल 5 स्कूलों द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।
*झांकी में स्कूल शिक्षा विभाग को मिला प्रथम स्थान -*
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा निति व गुरुकुल से एआई डिजिटल शिक्षा तक के सफर पर प्रस्तुत झांकी को प्रथम स्थान, प्राकृतिक खेती के चलित झांकी थीम पर आधारित कृषि विभाग की झांकी को द्वितीय स्थान तथा स्वास्थ्य विभाग को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित योजनाओं की थीम पर तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ l





