

सीकर. कोट्टप्पा एक्ट के तहत नगर परिषद सीकर की टीम ने आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देश अनुसार मंगलवार को पिपराली रोड पर बड़ी कार्रवाई की। शिक्षा नगरी कहलाने वाले इस क्षेत्र में विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से परिषद टीम ने औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान दर्जनों दुकानदारों के यहां छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा व तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए। साथ ही दुकानदारों के चालान भी काटे गए।
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि पिपराली रोड एजुकेशन हब है, यहां हजारों विद्यार्थी प्रतिदिन आते-जाते हैं। ऐसे में नशे के सामान की बिक्री पर सख्त रोक लगाना बेहद ज़रूरी है। टीम ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी दुकान पर प्रतिबंधित सामग्री पाई गई तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।
यह कार्रवाई राजस्व अधिकारी प्रमोद सोनी के नेतृत्व में सहायक कर्मचारी सुरेश निठारवाल, प्रवर्तन दस्ता की टीम व नगर परिषद कर्मचारी उपस्थित रहें।
नगर परिषद सीकर आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा अभियान विद्यार्थियों को नशे की लत से बचाने और शिक्षा नगरी की पहचान को सुरक्षित बनाए रखने के लिए लगातार जारी रहेगा।





