
सतना रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुश्री सिमाला प्रसाद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना मरावी व उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी श्री विजय कोठारिया के मार्गदर्शन में, जीआरपी चौकी सतना ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रेन के जनरल कोच में मोबाइल चोरी करने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर चोरी का मशरूका बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण:
दिनांक 13.03.2026 को फरियादी प्रियांशु श्रीवास्तव (निवासी हनुमान नगर, सतना) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ट्रेन नंबर 11703 के जनरल कोच में सवार होते समय किसी अज्ञात बदमाश ने उनका वनप्लस मोबाइल (कीमत ₹32,000) चोरी कर लिया है। इसी प्रकार, अन्य फरियादी महेश पटेल (निवासी जिला दमोह) ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि हावड़ा-मुंबई मेल के जनरल कोच में चढ़ते समय उनका वीवो मोबाइल चोरी हो गया है। जीआरपी सतना द्वारा अपराध क्रमांक 107/25 एवं 109/25 धारा 305 बी.एन.एस. (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।लगातार हुई दो घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश राज द्वारा एक विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 24 घंटे के भीतर संदेही राज वंशकार पिता संतोष वंशकार (उम्र 19 वर्ष), निवासी बजरा टोला, सतना को घेराबंदी कर पकड़ा।आरोपी के पास से दोनों घटनाओं से संबंधित वनप्लस एवं वीवो मोबाइल (कुल कीमत ₹42,000) जप्त किए गए। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी राज वंशकार एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया हैइस पूरी कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश राज, सहायक उप निरीक्षक रामलाल प्रजापति, प्रधान आरक्षक मुकेश मिश्रा, आरक्षक अमित दुबे, रविशंकर पटेल, अवधेश मिश्रा एवं प्रशांत यादव तथा रेल सुरक्षा बल पोस्ट सतना के प्रधान आरक्षक श्री राम यादव केशबली सरोज की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

