

सिंगरौली: सिंगरौली विकास प्राधिकरण की नियुक्ति पर उठ रहे सवाल पर बोले वीरेन्द्र गोयल।
शीर्ष नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरूंगा
सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों के बीच नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन ने समय-समय पर उन पर भरोसा जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पूर्व में जिला अध्यक्ष के रूप में दायित्व निभाने के बाद अब शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी के लिए चुना है। वीरेन्द्र गोयल ने स्पष्ट किया कि उनकी नियुक्ति को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, उस संबंध में शीर्ष नेतृत्व की ओर से जिला प्रशासन को आधिकारिक पत्र भेजा जाएगा। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वह विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान सिंगरौली के विकास कार्यों को नई गति देने पर रहेगा और शहर के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण के माध्यम से शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सुव्यवस्थित निर्माण कार्यों और जनहिता से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। गोयल ने भरोसा जताया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन के सहयोग से सिंगरौली को विकास की नई दिशा मिलेगी।



