

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सिमगा की टीम ने एक मेडिकल दुकान पर दबिश देकर प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री कर रहे संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जय मां शारदा मेडिकल हाल, बेमेतरा रोड सिमगा का संचालक अवैध रूप से प्रतिबंधित टैबलेट, कफ सिरप और इंजेक्शन बेच रहा है, जिनका उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना सिमगा पुलिस ने सुनियोजित योजना बनाकर 03 अप्रैल को दुकान पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही संचालक घबरा गया। तलाशी लेने पर दुकान से 04 पत्ता प्रतिबंधित टैबलेट, 40 नग इंजेक्शन और 06 नग कफ सिरप बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत ₹2265 आंकी गई। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त ₹500 नकद राशि भी जब्त की गई।
बरामद दवाइयों का परीक्षण खाद्य एवं औषधि प्रसाधन विभाग से कराया गया, जिसमें सभी दवाइयों के प्रतिबंधित एवं नशे के रूप में उपयोग होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी योगेश कुमार देवांगन (36 वर्ष), निवासी कंकालीन पारा सिमगा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 139/2026, धारा 21(B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है।






